इंदौर लंबे समय से फरार ड्रग तस्कर को क्राइम ब्रांच पुलिस ने एमडी ड्रग्स की तस्करी के मामले में बदमाश मोहसिन हुसैन निवासी चंदन नगर को गिरफ्तार कर लिया है। टीम को उसकी लंबे समय से तलाश थी। वह पहले भी मारपीट, चोरी और आर्म्स एक्ट के मामलों में 5 बार गिरफ्तार हो चुका है। टीम उससे पूछताछ कर जानकारी निकाल रही है।एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि क्राइम ब्रांच ने दिसंबर 2025 में गिरफ्तार आरोपी समीर हुसैन से मिली जानकारी और मुखबिर की सूचना के आधार पर फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है, आरोपी से पूछताछ कर जानकारी निकाली जा रही हैं कि वह कहां से माल लेकर आता था और किन-किन लोगों को सप्लाई करता था।क्राइम ब्रांच ने गत 7 दिसंबर को ड्रग्स तस्करी के मामले में समीर हुसैन नामक आरोपी को गिरफ्तार किया था, जिसके कब्जे से 11.90 ग्राम अवैध मादक पदार्थ ‘एमडी’ बरामद की गई थी। समीर से पूछताछ के दौरान इस काले कारोबार के पीछे मुख्य कड़ी के रूप में मोहसिन हुसैन निवासी चंदन नगर का नाम सामने आया था। घटना के बाद से ही मोहसिन फरार चल रहा था, जिसकी तलाश में क्राइम ब्रांच की टीम लगातार जुटी हुई थी।गिरफ्तार आरोपी मोहसिन केवल 10वीं तक पढ़ा है और दिखावे के लिए फर्नीचर रिपेयरिंग का काम करता है, जिसकी आड़ में वह तस्करी का जाल फैलाए हुए था। आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह पूर्व में चोरी, आम्र्स एक्ट और मारपीट जैसे गंभीर अपराधों में 5 बार गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। क्राइम ब्रांच ने आरोपी को गिरफ्तार कर थाना अपराध शाखा में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस अब मोहसिन से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह अन्य किन जिलों से मादक पदार्थ लाता था और इंदौर में उसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरफ्तारी से शहर में ड्रग्स सप्लाई की चैन को तोडऩे में बड़ी मदद मिलेगी।
