इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र के टिगरिया बादशाह इलाके में प्रॉपर्टी विवाद को लेकर खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। जांच के लिए आए अधिकारियों के जाते ही आरोपियों ने पड़ोसी परिवार पर डंडों से हमला बोल दिया। इस हमले में एक ही परिवार के चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो को सिर में गंभीर चोटें आई हैं। बाणगंगा पुलिस के मुताबिक, फरियादी रेखा पति रवि बामनिया (४६) का उनके घर के पीछे रहने वाले तेजराम और उसके बेटों के साथ जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। इसी विवाद के सिलसिले में शुक्रवार को पटवारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी जांच के लिए मौके पर पहुंचे थे। अधिकारियों ने अपनी जांच पूरी की और वहां से रवाना हो गए। उनके जाते ही आरोपी तेजराम, उसके बेटे मनोज और जितेंद्र ने रेखा को घेर लिया और गालियां देते हुए थप्पड़ मारना शुरू कर दिया। रेखा को पिटता देख जब उनका बेटा अभिषेक, पति रवि बामनिया और भतीजा गोकुल बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपियों ने उन पर डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में रवि और अभिषेक के सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे वे लहूलुहान हो गए। वहीं भतीजे गोकुल के हाथ और कंधे में चोटें आई हैं। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। बाणगंगा पुलिस ने फरियादी रेखा की शिकायत पर आरोपी तेजराम, मनोज और जितेंद्र के खिलाफ मारपीट और धमकी देने का प्रकरण दर्ज किया है।
