इंदौर
चंदन नगर थाना इलाके के धार रोड स्थित नूरानी नगर क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे की दुकान में जा घुसा। इस भीषण हादसे में दो नाबालिगों सहित कुल चार लोग घायल हो गए। घायलों में एक १५ वर्षीय किशोर की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है, जबकि चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। चंदन नगर थाना प्रभारी तिलक करोले के अनुसार, यह हादसा बीती शाम करीब चार बजे नट कॉलोनी क्षेत्र के सर्विस रोड पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चालक टाटा वाहन को बहुत तेज गति और लापरवाही से चला रहा था। अचानक नियंत्रण खोने के कारण वाहन सीधे दुकान में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वहां मौजूद लोग संभल भी नहीं पाए। घायलों में सर्विस सेंटर संचालक सत्यनारायण पिता मूलचंद (६०)निवासी नट कालोनी, हरीश पिता रामचन्द्र (५५)निवासी द्वारकापुरी, करण पिता दिलीप(१६) निवासी कालानी नगर और युवराज पिता दीपक (१५) निवासी डायमंड पैलेस शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल युवराज का इलाज वर्मा यूनियन अस्पताल में चल रहा है। हादसे के तुरंत बाद चालक भीड़ का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला। चंदन नगर पुलिस ने दुर्घटनाकारी वाहन को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब फरार ड्राइवर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
