पीथमपुर के उद्योग के बगीचों में खिले गुलाबों को मिले सर्वाधिक पुरस्कार, आज सुबह 10 से रात 10 बजे तक खुली रहेगी प्रदर्शनी
इंदौर

मालवा रोज सोसायटी की मेजबानी में शनिवार से दो दिवसीय 38वीं गुलाब प्रदर्शनी का शुभारंभ विधायक मधु वर्मा की पत्नी श्रीमती तरुणा वर्मा एवं समाजसेवी श्रीमती निकेत मंगल के मुख्य आतिथ्य तथा इंदौर के मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. माधव हासानी के विशेष आतिथ्य में गांधी हॉल में हुआ। प्रदर्शनी में इस बार करीब 400 प्रतिभागियों ने 3200 किस्म के एक से बढ़कर एक सुंदर और नायाब गुलाब प्रदर्शित किए हैं जबकि 272 किस्मों के मौसमी फूलों की प्रदर्शनी भी दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रही। पहले दिन ही 5 हजार से अधिक दर्शकों ने इस प्रदर्शनी का लुत्फ उठाया और अपने मोबाइल कैमरों में तस्वीरे भी कैद की।
मालवा रोज सोसायटी द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का यह 38वां वर्ष है। संरक्षक डॉ. देव पाटोदी, अध्यक्ष बी.के. सारस्वत एवं सचिव डॉ. अरूण सर्राफ ने बताया कि गुलाब प्रदर्शनी के साथ स्कूली बच्चों एवं नागरिकों के लिए सुबह के सत्र में कटे हुए फूलों को सजाने की स्पर्धा भी हुई। प्रदर्शनी में सजाए गए फूल इसी स्पर्धा का नतीजा है। प्रदर्शनी में 5 समूहों में एचटी, फ्लोरीबंडा, पॉलीऐंचा, मिनिऐचर एवं स्ट्रीप्ड किस्म के गुलाब शामिल किए गए हैं। शुभारंभ समारोह में डॉ. डीके तनेजा, सुनील खंडेलवाल, जे.सी. शर्मा, पुष्पा जैन, महेश बंसल, नीलम तापड़िया, पद्मा कालानी, पूर्व पार्षद बलराम वर्मा आदि ने अतिथियों का स्वागत किया और प्रदर्शनी का अवलोकन कराया।
प्रदर्शनी में पांच समूहों में 320 किस्म के 3200 गुलाब प्रदर्शित किए गए हैं। इनमें पिंक नोबलिस्ट, केलकटा-300, जेमिनी और एटोल जैसी प्रजातियां भी शामिल हैं। प्रदर्शनी में 1 इंच से लेकर 10 इंच तक वर्गाकार वाले गुलाब के फूल दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। वर्ष में एक बार लगने वाली इस प्रदर्शनी को निहारने के लिए पहले दिन ही दर्शकों का मेला उमड़ पड़ा। अपरान्ह 4 बजे से रात 10 बजे तक 5 हजार से अधिक दर्शकों ने जी-भर कर इन गुलाबों और अन्य फूलों को नजदीक से निहारा और अपने-अपने मोबाईल कैमरों में भी कैद किया। रविवार 1 फरवरी को यह प्रदर्शनी सुबह 10 से रात 10 बजे तक निःशुल्क खुली रहेगी। शाम को 4 बजे गुलाब पर केन्द्रित कार्यशाला भी होगी जिसमें दिल्ली से आए विशेषज्ञ गुलाब के पालन पोषण के मन्त्र देंगे।
बागवानी के स्टॉल भी – गुलाब मेले के साथ आम नागरिकों के लिए बागवानी से संबंधित सामग्री, गुलाब के पौधे, बीज, गमले, जैविक खाद, फूलों के पौधे, नर्सरी, बालकनियों में टांगने के लिए झूलते गमले, कृषि उपकरण सहित लगभग 25 स्टॉल लगाए गए हैं। रविवार को भी ये सभी स्टॉल खुले रहेंगे। मेला एवं प्रदर्शनी पूरी तरह निःशुल्क हैं तथा आम नागरिकों के लिए खुले रहेंगे। अनेक विक्रेता इस मेले में अपने उत्पाद लेकर आए हैं जो गुलाब प्रेमियों को फूल, गमले, कृत्रिम सजावटी आइटम्स, उर्वरक, कीटनाशक एवं अत्याधुनिक उपकरणों का भी विक्रय कर रहे हैं।
आज बच्चों के लिए चित्रकला एवं गुलाब पर कार्यशाला – सोसायटी के सचिव डॉ. अरुण सराफ ने बताया कि 1 फरवरी सुबह 10 बजे स्कूली बच्चों के लिए गांधी हॉल में गुलाब पर केन्द्रित स्पर्धा होगी जिसमें बच्चे तीन समूहों में शामिल होकर गुलाब पर आधारित चित्र बनाएँगे। दोपहर में 4 बजे गुलाब प्रेमियों के लिए इस बार भी दिल्ली के गुलाब विशेषज्ञ अभिभाषक राहुल कुमार कार्यशाला में गुलाब प्रेमियों को गुलाब के लालन-पालन से जुड़े मंत्र सिखाएंगे।
स्पर्धाओं को नतीजे घोषित – निर्णायक मंडल द्वारा दिए गए नतीजों के आधार पर 38वीं गुलाब प्रदर्शनी में प्रदर्शित गुलाबों में किंग ऑफ़ द शो का ख़िताब एचटी किस्म के फोलकोर किस्म के गुलाब को दिया गया जो पीथमपुर की ब्रिजस्टोन कम्पनी के उद्यान का है। इसी तरह क्वीन ऑफ़ द शो का पुरस्कार फ्लोरिबंडा किस्म के वेलेंटाइन गुलाब को दिया गया है जो एलएनटी पीथमपुर का है। प्रिंस ऑफ़ द शो का पुरस्कार पोलिएन्था किस्म के ल्यूटिन गुलाब को दिया गया है जो रीना शर्मा के बगीचे का है। प्रिंसेस ऑफ़ द शो के लिए मिनिएचर किस्म के स्कारलेट चार्म गुलाब का चयन किया गया है जो पीथमपुर की एलएनटी के बगीचे का है। बेस्ट रेड गुलाब के लिए एचटी किस्म के कार्डिनल गुलाब का चयन किया गया है जो ब्रिजस्टोन कम्पनी पीथमपुर का है। बेस्ट सुगन्धित गुलाब के लिए एचटी किस्म के फ्लेग्रेंट प्लम के गुलाब को चुना गया है जो ब्रिजस्टोन के बगीचे का है। बेस्ट बहुरंगी गुलाब का ख़िताब पैराडाइस किस्म के कर्मचारी राज्य बीमा अस्पताल नंदानगर परिसर के उद्यान का है। बेस्ट धारीदार गुलाब के लिए पिलाटिला किस्म के गुलाब को चुना गया और यह भी ब्रिजस्टोन के बगीचे का है। बेस्ट सफ़ेद गुलाब के लिए व्हाइट सक्सेस किस्म के गुलाब को पुरस्कृत किया जाएगा और यह भी ब्रिजस्टोन के बगीचे का है। बेस्ट भारतीय गुलाब का ख़िताब बंजारन किस्म के गुलाब को मिलेगा जो रीना शर्मा के बगीचे का है। इसी तरह बेस्ट पिंक के लिए पीटर फ्रेंकन फील्ड गुलाब का चयन किया गया है जो उषा कमल के उद्यान का है। बेस्ट पीला गुलाब के लिए रीना शर्मा के उद्यान के गोल्ड मैडल का चयन किया गया और बेस्ट नारंगी गुलाब के लिए टेंगेरिन गुलाब का चयन किया गया जो शिखर तुंडले के उद्यान का है।
इस बार शहर और आसपास के गुलाब उद्यानों की स्पर्धा में संस्थागत 24 एवं व्यक्तिगत 22 उद्यानों ने भाग लिया। निर्णायक मंडल के डॉ. डीके मिश्रा, राहुल खंडेलवाल, जेसी शर्मा, श्रीमती पुष्पा जैन, श्रीमती रीना शर्मा, श्रीमती शिंदे, रामेश्वर पाटीदार एवं मयंक मिश्रा द्वारा दिए गए नतीजों के आधार पर उक्त प्रतिभागियों का चयन किया गया है। आईएम सभी विजेताओं को रविवार 1 फरवरी को अतिथियों द्वारा शाम 5 बजे पुरस्कृत किया जाएगा।
