इंदौर
परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में बदमाशों के एक गुट ने सरेराह आतंक मचाते हुए महज पांच घंटों के भीतर अड़ीबाजी कर दो वारदातों को अंजाम दिया। बदमाशों ने राहगीरों को रोककर शराब पीने के लिए रुपयों की मांग की और विरोध करने पर उन पर चाकू और डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इन वारदातों में तीन लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी आशीष पाल और उसके साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पहली वारदात आदर्श बिजासन नगर स्थित कमेटी हॉल के पास दोपहर करीब ३ बजे हुई। यहाँ फरियादी नितिन उर्फ अप्पी (३८) को बिना नंबर की बाइक पर सवार होकर आए आरोपी आशीष पाल, शुभम सभाजीत और उनके साथियों ने रोका। बदमाशों ने नितिन को धमकाते हुए शराब पीने के लिए ३ हजार रुपये की
मांग की। जब नितिन ने पैसे देने से इनकार किया, तो बदमाशों ने गालीगलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच आरोपी आशीष पाल ने जेब से चाकू निकालकर नितिन पर वार कर दिया, जिससे उसका हाथ लहूलुहान हो गया।
बदमाशों का हौसला इतना बढ़ गया कि उन्होंने उसी इलाके में शाम साढ़े सात बजे दूसरी वारदात को अंजाम दिया। विकास दुबे अपने दोस्त सूरज यादव के साथ चौकसे धर्मशाला के पास से गुजर रहे थे, तभी आरोपी आशीष पाल और उसके साथियों ने उन्हें घेर लिया। यहाँ भी बदमाशों ने चाकू दिखाकर शराब के लिए पैसों की मांग की। विकास और सूरज द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने उन पर डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में सूरज यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों मामलों में परदेशीपुरा पुलिस ने विकास दुबे और नितिन की शिकायत पर आरोपी आशीष पाल और उसके साथियों के खिलाफ अड़ीबाजी, मारपीट और जानलेवा हमले की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।
