इंदौर । सड़क सुरक्षा जागरूकता को लेकर यातायात पुलिस लगातार नितनए प्रयास करती है। कल भी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस ने सड़क दुर्घटना में अकाल मृत्यु से बचने के उद्देश्य से यमराज स्वरूप बनाकर यमराज के माध्यम से यातायात जागरूकता और अकाल मृत्यु से बचने का संदेश दिया। यह यमराज वाहन चालकों के बीच पहुंचकर संदेश दे रहे थे। दो पहिया वाहन चालकों को हेलमेट लगाने, चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने और तेज गति के दुष्परिणाम से लेकर रेड लाइट पर वाहन नहीं चलाने, स्टाप लाइन से पीछे खड़े रहने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की जानकारी भी दी जा रही थी जो वाहन चालक हेलमेट और सीट बेल्ट लगाकर वाहन चलाते दिखे उन्हें उपहार और चॉकलेट भी प्रदान की गई।
