इंदौर। राऊ इलाके में गत दिनों एक महिला द्वारा एसिड पीकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। मृतका ने प्रेम विवाह किया था, लेकिन शादी के बाद उसका पति उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताडि़त करने लगा। पुलिस ने पति की प्रताडऩा को ही आत्महत्या का मुख्य कारण माना है। पुलिस जांच के अनुसार,गत 24 जनवरी को लक्ष्मी पति अंतिम (24), निवासी संजय नगर ने एसिड पी लिया था, जिसकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। चूंकि मामला नवविवाहिता की मौत से जुड़ा था, इसलिए इसकी सूक्ष्म जांच एसीपी निधि सक्सेना द्वारा की गई। मर्ग जांच में सामने आया कि लक्ष्मी ने आरोपी अंतिम से लव मैरिज की थी। शादी के बाद आरोपी अंतिम उसे उसके मायके वालों और परिजनों से बात नहीं करने देता था। आरोपी लगातार उसे तलाक देने की धमकी देता था और कहता था कि ‘50,000 रुपये ले और मुझे तलाक दे दे।’ पति द्वारा लगातार दी जा रही धमकियों और मायके से संबंध तोडऩे के दबाव से लक्ष्मी काफी तनाव में थी। इसी मानसिक प्रताडऩा से तंग आकर उसने मौत को गले लगाने का फैसला किया। पुलिस ने मर्ग जांच के बाद आरोपी पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और प्रताडऩा की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।
