इंदौर जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में दोस्तों के बीच खूनी रंजिश का मामला सामने आया है। मामूली विवाद के बाद शुरू हुई गाली-गलौज ने हिंसक रूप ले लिया और एक युवक पर उसके ही दोस्तों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, घायल युवक का नाम मोहम्मद हुसैन पिता आरिफ, निवासी गुलजार कॉलोनी है। फरियादी का उसके दोस्त बिलाल, जिहान और आमिल के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और गालीगलौज हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। मारपीट के दौरान आरोपियों में से एक ने अचानक चाकू निकाला और मोहम्मद हुसैन पर वार कर दिया। चाकू सीधे उसकी कमर में लगा, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर गया। शोर सुनकर परिजन और आसपास के लोग पहुंचे, जिन्हें देखकर आरोपी फरार हो गए। घायल को तत्काल एमवाय अस्पतालले जाया गया, जहाँ उसका उपचार जारी है। जूनी इंदौर पुलिस ने मामले में आरोपी बिलाल, जिहान और आमिल के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
