इंदौर। किशनगंज थाना क्षेत्र की एस.एस. ग्रीन कॉलोनी, बोरखेड़ी में सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। परिवार तीन दिन के लिए बाहर गया था, इसी दौरान घर का ताला तोडक़र सामान पार कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक 44 वर्षीय गायत्री नायक पति कमलसिंह नायक ने शिकायत दर्ज कराई कि वह अपने पति और पुत्र यशराज के साथ देवर के सडक़ हादसे में निधन होने पर नागपुर (महाराष्ट्र) गई थीं। जब परिवार वापस लौटा तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और अंदर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच में पता चला कि अज्ञात आरोपी घर से टीसीएल कंपनी का 55 इंच टीवी, सोनी कंपनी का म्यूजिक सिस्टम, हेवल्स कंपनी का मिक्सर, एचपी गैस सिलेंडर, तांबे का पानी का मटका, पनडुब्बी मोटर, बिजली का सामान, नगद 36 हजार रुपये सहित अन्य घरेलू सामान चोरी कर ले गए। किशनगंज पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
