
गुजरात ले जाई जा रही शराब पर आबकारी विभाग की कार्यवाही
इंदौर
कलेक्टर के आदेश तथा सहायक आयुक्त आबकारी श्री अभिषेक तिवारी के निर्देशानुसार इंदौर जिले में अवैध मदिरा के विरुद्ध निरंतर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति लसुडिया मोरी रोड पर सूटकेस में शराब भरकर गुजरात जाने वाली बस का इंतजार कर रहा है। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए आबकारी टीम मौके पर पहुँची।वहाँ एक व्यक्ति सूटकेस सहित खड़ा मिला। तलाशी के दौरान सूटकेस से 20 बोतल विदेशी मदिरा बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹32 हजार रुपये पायी गयी। सम्पूर्ण मदिरा को जब्त कर आरोपी जय कुटक, निवासी मोरबी (गुजरात) के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया और आरोपी को गिरफ्तार किया गया।यह कार्यवाही कंट्रोलर श्री देवेश चतुर्वेदी, डिप्टी कंट्रोलर श्री मनोज अग्रवाल, एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती प्रीति चौबे के मार्गदर्शन में वृत उप निरीक्षक श्री सुनील कुमार मालवीय एवं टीम द्वारा की गई। आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध मदिरा के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
