इंदौर
गौतमपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम गिरोता में संपत्ति के विवाद में एक बेटे द्वारा अपने ही बुजुर्ग पिता को लहूलुहान करने का मामला प्रकाश में आया है। शराब के नशे में धुत छोटे बेटे ने अतिरिक्त जमीन की मांग को लेकर अपने ७१ वर्षीय पिता पर लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया। पुलिस ने घायल पिता की शिकायत पर आरोपी बेटे के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक फरियादी देवजी बोडाना (७१) पेशे से किसान हैं और वर्तमान में अपनी पुत्री चंद्रकला के साथ रहते हैं। देवजी के दो बेटे बलराम और जितेन्द्र हैं, जिनके बीच पूर्व में ही संपत्ति का बंटवारा हो चुका है और वे अपने अलग परिवारों के साथ रहते हैं। आरोप है कि छोटा बेटा जितेन्द्र बंटवारे से संतुष्ट नहीं है और अक्सर शराब के नशे में अपने पिता से और जमीन देने की जिद करते हुए विवाद करता है। घटना वाले दिन दोपहर करीब ३ बजे, जब देवजी अपने घर के सामने बैठे थे, तभी जितेन्द्र वहां पहुँचा और जमीन में और हिस्सेदारी की मांग करते हुए गालियां देने लगा। जब वृद्ध पिता ने उसे समझाने और गाली देने से मना किया, तो आरोपी ने पास ही पड़ा एक लकड़ी का डंडा उठाया और पिता के सिर व ललाट पर जोरदार वार कर दिए। हमले में देवजी को गंभीर चोटें आईं और उनका सिर फट गया। शोर सुनकर उनकी पुत्री चंद्रकला बाई और रेशम बाई ने मौके पर पहुँचकर बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहाँ से भाग निकला। घायल अवस्था में पीड़ित अपने दामाद के साथ थाने पहुँचे और मामला दर्ज कराया।
