इंदौर। चन्द्रवतीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पोटलोद में पारिवारिक बंटवारे की कड़वाहट एक बुजुर्ग महिला की अंतिम विदाई के समय सड़क पर आ गई। दादी की अर्थी को कंधा देने की बात पर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि परिजनों के बीच जमकर मारपीट हो गई। पुलिस ने इस मामले में एक ही परिवार के चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, फरियादी दिलीप (४० वर्ष), निवासी ग्राम छडोदा, अपने पिता के साथ अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए ग्राम पोटलोद पहुँचे थे। जब शव यात्रा की तैयारी हो रही थी और दिलीप ने अपनी दादी की अर्थी को कंधा देने के लिए हाथ लगाया, तभी उनके काका प्रहलाद मालवीय और उनके बेटों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और मारपीट में बदल गया। फरियादी दिलीप का आरोप है कि परिवार में संपत्ति के बंटवारे के बाद से ही काका प्रहलाद मालवीय, निलेश, पंकज और घनश्याम उनसे रंजिश रखते थे। इसी पुरानी दुश्मनी के चलते आरोपियों ने शोक की घड़ी में भी उन पर हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। शोर-शराबा होने पर वहां मौजूद अन्य रिश्तेदारों ने बीच-बचाव किया। पुलिस ने दिलीप की शिकायत पर चारों आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।
