इंदौर।
लसूडिय़ा थाना क्षेत्र में बाइक सवार दबंगों ने एक कार सवार युवक पर थूकने के बाद उसे घेरकर पीटा और उसकी कार में तोडफ़ोड़ कर दी। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, ग्राम कलारिया धार रोड निवासी राजेश पिता माखनलाल चौधरी ने शिकायत दर्ज कराई है। राजेश ने बताया कि वह सिक्का पब्लिक स्कूल के पास स्कीम नं. 78 से गुजर रहे थे तभी एक मोटरसाइकिल चालक अपनी बाइक लहराते हुए आया और उनकी कार के बोनट पर थूक दिया। जब राजेश ने इसका विरोध किया और शांति से गाड़ी चलाने को कहा, तो बाइक सवार और उसके साथी ने गाली-गलौज शुरू कर दी।विवाद के दौरान ही आरोपियों ने बेसबॉल बैट से राजेश पर हमला कर दिया। इसी बीच एक अन्य मोटरसाइकिल पर दो और युवक मौके पर पहुँच गए। चारों बदमाशों ने राजेश को घेर लिया और जबरन शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगे। राजेश द्वारा पैसे न होने की बात कहने पर चारों और उत्तेजित हो गए और उन्होंने राजेश की कार की हेडलाइट, कांच और अन्य हिस्सों में तोडफ़ोड़ कर भारी नुकसान पहुँचाया।मारपीट में राजेश के बाएं पैर, गाल और बाएं हाथ की कलाई पर गंभीर चोटें आई हैं। भीड़ जमा होती देख आरोपी जातेजाते धमकी दे गए कि अगर पैसे नहीं दिए तो जान से मार देंगे। लसूडिय़ा पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मारपीट, अवैध वसूली और तोडफ़ोड़ का प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान हो सके।
