इंदौर।
होली के त्योहार और रमजान माह को दृष्टिगत रखते हुए इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कर दी है। बीती रात थाना मल्हारगंज और सदर बाजार क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया, जिसका उद्देश्य क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखना है। पुलिस अधिकारियों ने मल्हारगंज और सदर बाजार पुलिस बल के साथ मिलकर टोरी कॉर्नर, जिंसी हाट, जिंसी चौराहा, मल्हार पल्टन, सुभाष मार्ग, अर्जुन पलटन, छिपा बाखल, जुना रिसाला गली नंबर 1 व 2, अमन चौक, कमेटी हाल, अहिल्या पल्टन और बड़वाली चौकी क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया।फ्लैग मार्च में एडिशनल डीसीपी सुमित केरकेट्टा, एसीपी विवेक सिंह, थाना प्रभारी मल्हारगंज वेदेन्द्र कुशवाह और थाना प्रभारी सदर बाजार यशवंत बड़ोले मय बल के साथ शामिल हुए। पुलिस प्रशासन ने जनता से त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की है।
