इंदौर। देपालपुर इलाके में एक हफ्ते पहले एक शोरूम से नई एसयूवी चुराने की वारदात में पुलिस ने चोर गैंग को पकड़ लिया। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। 4 आरोपी अभी फरार है। गिरफ्तार बदमाशों से पुलिस अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ कर रही है। चोरी की वारदात थाना देपालपुर इलाके में इंदौर-देपालपुर रोड स्थित महेंद्र शोरूम पर 22 फरवरी की रात को हुई थी। शोरूम के गेट का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाश नई गाड़ी चोरी कर ले गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर चोरी हुई गाड़ी बरामद कर चोरी की खुलासा किया है। इस वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों के नाम सतीश पिता कैलाश ग्रावर, अजय पिता लक्की योगी, आकाश पिता दीपक वर्मा, शेरु पिता आसाराम ओसारी और एक नाबालिग है। जब्त गाड़ी गाड़ी की कीमत 9 लाख 32 हजार रुपए है। टीआई रंजित सिंह बघेल के मुताबिक मुख्य आरोपी सतीश फरार है। उसका आपराधिक रिकॉर्ड भी दर्ज है। आरोपियों ने अपने अन्य साथी बबलू, विकास, अनिल और सुभाष के नाम भी बताए हैं, जो अभी फरार हैं।वारदात के बाद बदमाशों ने चुराई गई गाड़ी एक खेत में छिपा दी थी। आरोपी भी वहीं खेत मेंह मजदूरी करते थे। मुख्या आरोपी सतीश किसी काम से देपालपुर आया था तो उसने शोरूम में खड़ी गाड़ी की रैकी की थी। वारदात के समय शोरूम पर कोई चौकीदार नहीं था। आरोपियों को कोर्ट ने पुलिस रिमांड पर सौंपा है। पुलिस गिरोह के नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।
