इंदौर चंदन नगर थाना क्षेत्र स्थित ताप्ती परिसर में देर रात एक युवक ने मल्टी की पांचवीं मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। युवक के परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि पुलिस की मारपीट और डर की वजह से युवक ने यह आत्मघाती कदम उठाया। मृतक की पहचान राज पिता मनोज मकवाना (२३)के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों ने बताया कि बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब २ से ३ बजे के बीच राज को गर्मी लग रही थी, जिसके कारण वह अपनी मल्टी के नीचे टहल रहा था, तभी वहां तैनात चौकीदार ने उससे देर रात घूमने का कारण पूछा और इसी दौरान पुलिस की गश्ती गाड़ी भी वहां पहुँच गई। परिजनों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने राज को रोककर पूछताछ की और उसे थप्पड़ मारे। परिवार का कहना है कि पुलिस की इस कार्रवाई से राज बुरी तरह घबरा गया। उसे डर था कि पुलिस उसे पकड़कर ले जाएगी। इसी घबराहट में वह भागकर मल्टी की पांचवीं मंजिल पर पहुँचा और वहां से नीचे कूद गया। सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले की जांच में एक पहलू यह भी सामने आया है कि राज पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से जूझ रहा था और उसका इलाज चल रहा था। पुलिस इस बात की भी तस्दीक कर रही है कि क्या युवक की मानसिक स्थिति और पुलिस की पूछताछ के बीच कोई सीधा संबंध है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुँचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
