*जल संकट पर कांग्रेस का राजवाड़ा पर हल्लाबोल: खाली मटके लेकर पहुंचे कार्यकर्ता, जीतू पटवारी ने कहा- ‘90% जनता पी रही जहरीला पानी’*
—
*इंदौर।* भीषण गर्मी और गहराते जल संकट को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को ऐतिहासिक राजवाड़ा पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया। खाली मटके लेकर पहुंचे सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
*’शुरुआत में कम भीड़, बाद में बड़ा कारवां’*
धरने की शुरुआत में भीड़ कम थी, लेकिन बाद में कार्यकर्ताओं का बड़ा कारवां जुट गया। भीषण गर्मी को देखते हुए धरना स्थल पर फव्वारे भी लगाए गए थे।
*जीतू पटवारी के तीखे तेवर*
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि शहर का जल प्रबंधन पूरी तरह विफल है। “हम जो पानी पी रहे हैं उसमें से भी 90 प्रतिशत पानी जहरीला है। पहले भगीरथ पूरा में जहरीला पानी देकर मारा गया, अब पानी नहीं देकर मारा जा रहा है।” उन्होंने महापौर से इस्तीफे की मांग की।
*PM मोदी और CM पर निशाना*
पटवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री मोहन यादव और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पर भी हमला बोला। कहा कि “PM तेल बचाने, सोना न खरीदने की बात करते हैं, लेकिन खुद क्या कर रहे हैं सब जानते हैं।” CM मोहन यादव को ‘सबसे बड़ा माफिया’ बताते हुए भाजपा सरकार को जनता की समस्याओं से दूर बताया।
*नगर निगम पर फोड़े मटके*
धरना-सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजवाड़ा से नगर निगम मुख्यालय तक पैदल मार्च निकाला। कार्यकर्ताओं ने नगर निगम पहुंचकर मटके फोड़कर आक्रोश जताया।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि जल संकट का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
