*भोपाल।* मध्यप्रदेश में UCC कमेटी गठन पर प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता के लिए यूनिफॉर्म सिविल कोड जरूरी है। हर व्यक्ति को विकास के अधिकार एक समान मिलने चाहिए, इसलिए UCC लागू होना चाहिए।
मंत्री सारंग ने बताया कि मुख्यमंत्री ने कमेटी बनाई है। इस पर स्टडी होगी और सरकार आगे बढ़ेगी।
*आरिफ मसूद पर भड़के सारंग*
कांग्रेस नेता आरिफ मसूद के विरोध पर मंत्री सारंग ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता विरोध कर रहे हैं तो वे पाकिस्तान चले जाएं। आरिफ मसूद जैसे नेता केवल विघटन की राजनीति करते हैं।
सारंग बोले कि इस देश में रहना है तो एकरूपता के साथ रहना होगा। धर्म के आधार पर अलग कानून क्यों बनाएं। यह किस देश में है। देश की एकता को कुठाराघात कांग्रेस करेगी तो यह बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने आरिफ मसूद को सलाह दी कि इस देश के कानून का पालन करें। इस देश के कानून का अनुसरण करें और यह सुनिश्चित करें कि इस देश में खाते हैं तो इस देश के विषय में ही सोचें।
*बंगाल चुनाव पर प्रतिक्रिया*
पश्चिम बंगाल में अंतिम चरण की वोटिंग पर मंत्री सारंग ने कहा कि बंगाल की जनता ने मन बना लिया है। डबल इंजन सरकार के जरिए विकास के नए आयाम स्थापित होंगे।
उन्होंने कहा कि अब ममता दीदी और उनकी अराजकता का युग समाप्त हो चुका है। बंगाल में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास और कल्याण के नए युग की शुरुआत होगी। बंगाल का जो स्वर्णिम इतिहास रहा है, उसी के अनुरूप अब विकास की गाड़ी सरपट दौड़ेगी।
