यूसीसी समिति ने सौंपी रिपोर्ट; सीएम ने कहा- सभी समुदायों से हुआ संवाद, सरकार पारदर्शिता से आगे बढ़ेगी

भोपाल। मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यूसीसी पर गठित समिति ने अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप दी है, अब कांग्रेस को अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।सीएम डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस का रवैया हमेशा विरोध का रहा है। चाहे भोजशाला का मुद्दा हो या समान नागरिक संहिता, कांग्रेस हर विषय को हिंदू-मुस्लिम के नजरिए से देखने का प्रयास करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब तक यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि वह यूसी के समर्थन में है या विरोध में, जिससे उसका दोहरा चरित्र सामने आता है।
सभी वर्गों से हुआ संवाद
मुख्यमंत्री ने बताया कि यूसीसी को लेकर सरकार ने सभी वर्गों और समुदायों से व्यापक संवाद किया है। हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई समाज सहित विभिन्न पक्षों ने अपने सुझाव समिति के समक्ष रखे हैं।उन्होंने कहा कि सरकार अब इस रिपोर्ट की अच्छाइयों और उससे जुड़े तथ्यों को जनता के सामने रखेगी, ताकि किसी प्रकार का भ्रम न रहे।डॉ. मोहन यादव ने भरोसा जताया कि समान नागरिक संहिता का उद्देश्य सभी नागरिकों के लिए समान अधिकार और न्याय सुनिश्चित करना है। सरकार इस दिशा में पूरी पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ेगी।
