
अध्यक्ष ने कहा- सभी को मिलेगा बोलने का अवसर; सत्ता और विपक्ष दोनों निभाएंगे अनुशासन और मर्यादा
भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होने जा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने सत्र की रूपरेखा को लेकर पत्रकारों से चर्चा की और कहा कि यह सत्र सार्थक रहेगा।तोमर ने विश्वास जताया कि सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों मिलकर सदन की अनुशासन और मर्यादाओं का पालन करेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी कोशिश रहती है कि सदन में सभी सदस्यों को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिले, कामकाज सुचारू रूप से हो और संवाद सार्थक रहे।
अनुपूरक बजट और नए कानून होंगे पेश
अध्यक्ष ने सत्र की समय सीमा पर कहा कि समय की सीमा तय रहती है, लेकिन उसके अंतर्गत ही सभी को पर्याप्त समय देने का प्रयास किया जाएगा।उन्होंने बताया कि इस सत्र में सरकार की ओर से सप्लीमेंट्री बजट यानी अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। साथ ही कुछ नए कानून भी सदन में लाए जाएंगे, जिन पर विस्तृत चर्चा कर उन्हें पारित करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।छोटे सत्र के सवाल पर तोमर ने कहा कि वर्षाकालीन सत्र सामान्य तौर पर छोटे ही होते हैं, लेकिन महत्वपूर्ण यह है कि कामकाज के घंटे कितने हैं।विधानसभा का यह सत्र कई मायनों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अनुपूरक बजट से लेकर नए कानूनों पर चर्चा के चलते जनता की निगाहें अब सदन की कार्यवाही पर टिकी हैं।
