5 क्विं फूलों से किया गया मंदिर एवं रथ का श्रृंगार

श्री जांगड़ा पोरवाल पंचायती सभा की मेजबानी में आज सुबह छत्रीबाग स्थित लक्ष्मी नरसिंह मंदिर से होगा शुभारंभ, कल सुबह शोभायात्रा
इंदौर, 28 अप्रैल। श्री जांगड़ा पोरवाल पंचायती सभा इंदौर द्वारा 29-30 अप्रैल को आयोजित भगवान नरसिंहदेव के पावन प्राकट्य महोत्सव की सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। बुधवार 29 अप्रैल को सुबह 8 बजे छत्रीबाग स्थित प्राचीन लक्ष्मी नरसिंह मंदिर पर 21 विद्वानों के निर्देशन में पोरवाल समाज के हजारों बंधु पंचामृत से भगवान नरसिंह का महाभिषेक कर इस महोत्सव का शुभारंभ करेंगे।
श्री जांगड़ा पोरवाल पंचायती सभा इंदौर की उत्सव समिति के अरुण पोरवाल ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय के आचार्य जगदगुरु स्वामी रामदयाल महाराज के सानिध्य में गुरुवार 30 अप्रैल को सुबह 7 बजे से छत्रीबाग मंदिर से निकाली जाने वाली भव्य शोभायात्रा के लिए भी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मंदिर एवं रथ को सजाने के लिए 11 किस्म के 5 क्विंटल फूलों का उपयोग किया गया है। एक अन्य रथ पर भगवान लक्ष्मी नरसिंह विराजित होंगे जिसे समाज बंधु अपने हाथों से खींचते हुए लेकर चलेंगे जबकि दूसरे स्वर्ण रथ पर जगदगुरु स्वामी रामदयाल महाराज विराजित होकर समाज बंधुओं एवं शहरवासियों को आशीर्वाद देते हुए चलेंगे। मंदिर पर गुरुवार को महाभिषेक, महाआरती एवं महाप्रसादी सहित विभिन्न अनुष्ठान होंगे जिनमें अनेक विशिष्ट अतिथि और शहर के जनप्रतिनिधि भी भागीदार बनेंगे।
पंचायती सभा के अध्यक्ष रामदयाल फरकिया एवं मुक्य यजमान समाजसेवी जगदीश कन्हैयालाल गुप्ता खेजडियावाला ने बताया कि मंगलवार को महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मंदिर परिसर में आयोजित बैठक में श्याम राणापुर, सुभाष धनोतिया, राजकुमार मेहता, अमित मेहता, बलराम गुप्ता, संतोष मेहता, मुनमुन रत्नावत, हेमलता घाटिया, मंजू धनोतिया एवं प्रियंका गुप्ता सहित समाज के सेवाभावी बंधुओं ने भाग लिया। इस अवसर पर जांगड़ा पोरवाल पंचायती सभा के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय महोत्सव के दौरान यातायात व्यवस्था को सँभालने पर भी चर्चा की गई। यह निर्णय लिया गया कि भगवान लक्ष्मी नरसिंह के रथ को समाज के युवा और महिलाऐं अपने हाथों से रस्सी की मदद से खींचते हुए चलेंगे और पूरे यात्रा मार्ग में यातायात व्यवस्था सँभालने के लिए दोनों और 50 कार्यकर्ता तैनात रहेंगे। वैसे भी सुबह के समय यातायात का दबाव कम रहता है इसलिए शोभायात्रा सुबह निकाली जा रही है। शोभायात्रा छत्रीबाग मंदिर से राजस्व ग्राम, सेवालय हॉस्पिटल, नरसिंह बाजार, सांठा बाजार, बजाज खाना चौक, मारोठिया बाजार से पुनः नरसिंह मंदिर छत्रीबाग पहुंचेगी। जहाँ महाभिषेक, महाआरती एवं महाप्रसादी सहित विभिन्न अनुष्ठान होंगे।
यात्रा मार्ग पर 30 से अधिक मंचों से भगवान पर पुष्प वर्षा कर जगदगुरु स्वामी रामदयाल महाराज की जगह-जगह अगवानी की जाएगी। समाज के संगठनों के अलावा अन्य समाज के लोग भी जगह-जगह स्वागत मंच लगाकर पोरवाल समाज के इस उत्सव में भागीदार बनेंगे। शोभायात्रा में शामिल पुरुष श्वेत एवं महिलाऐं केसरिया परिधान में शामिल होंगे।
