20 हास्य क्लबों से जुड़े सैकड़ों लोगों ने लगाए खूब ठहाके, हंसते मुस्कुराते
हुए दोस्तों को खुश रखने के साथ परिंदों की सेवा का भी दिलाया संकल्प

इन्दौर
विश्व हास्य दिवस के उपलक्ष्य में रविवार सुबह नार्थ राजमोहल्ला स्थित गार्डन पर जोरदार ठहाकों और अट्टहासों से भरपूर रंगारंग आयोजन में सैकड़ों सदस्यों ने अपनी मजेदार, रोचक और दिलचस्प प्रस्तुतियां देकर एकदूसरे को बार-बार हंसने पर बाध्य बनाए रखा। विश्व हास्य योग महासंघ एवं भैयाजी हास्य एवं योग ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस आयोजन में शहर के करीब 20 हास्य क्लबों से जुड़े महिला, पुरुष और युवा शामिल हुए। इस मौके पर सैकड़ों बन्धुओं ने पर्यावरण संरक्षण एवं यातायात नियमों के पालन के साथ ही ग्रीष्मकाल में मूक परिंदों एवं गौमाता की सेवा का भी संकल्प लिया।
महासंघ के संस्थापक अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता की अध्यक्षता एवं ह्रदय रोग विशेषज्ञ डॉ. भरत रावत के मुख्य आतिथ्य में इस अवसर पर महासंघ के अध्यक्ष कैलाशचंद्र खंडेलवाल, दिलीप जैन, राधाकृष्ण भैया एवं घनश्याम मित्तल के साथ इस अनूठे आयोजन में डॉ. दिग्विजय नीमा, डॉ. महेश कोठारी एवं डॉ. आर के बंसल भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। शहर के विभिन्न हास्य योग क्लबों जैसे साकेत, मनपसन्द, भैयाजी, अहिल्या कॉलोनी, मतलानी गार्डन, कृष्णपुरा छत्री, फूटी कोठी सहित शहर के कोई 20 हास्य अड्डों से जुड़े सैकड़ों सदस्यों ने यहाँ आकर कोई ढाई घंटे तक खूब ठहाके लगाए।
हंसाने के अनेक तरीके अपनाए – किसी ने अपनी भावभंगिमा से, किसी ने लतीफों और चुटकुलों से तो किसी ने कविताओं और अन्य तरीकों से विभिन्न क्रियाओं का प्रदर्शन कर उपस्थित बंधुओं को खूब हंसाया। इनमें कमलेश मारू, डॉ. गरिमा ऐरन, उज्जवल स्वामी, आर डी गुप्ता, रामबाबू अग्रवाल, चंचल सलारिया, तारा मालू, रमेश मोर्य, मालवी काकी सुनीता कुमावत, रमेश मुरारका, भगवंती उपाध्याय, इंदु भंडारी आदि के नाम प्रमुख हैं जिन्होंने हास्य योग के लाभ भी बताए और यह भी बताया कि हास्य हमारे जीवन को कितना स्वस्थ और तंदरुस्त रखता है।
अतिथियों का स्वागत पंकज सराफ, राकेश व्यास, महेश मूंदड़ा, किरण शर्मा आदि ने किया। श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय विजेताओं को आकर्षक उपहार देकर पुरस्कृत भी किया गया। अतिथियों को स्मृति चिन्ह विपिन जैन, भगवानदास चिमनानी, मुकेश पटवा, अंजू लड्ढा, प्रभा शर्मा, शरद मित्तल आदि ने भेंट किए। संचालन किया घनश्याम मित्तल और कैलाश खंडेलवाल ने तथा आभार माना नंदकिशोर व्यास ने।
परिंदों की सेवा का संकल्प भी – इस हास्य से भरपूर कार्यक्रम का एक सुखद पहलू यह भी रहा कि कार्यक्रम में आए सैकड़ों लोगों को ग्रीष्मकाल में परिंदों की सेवा के लिए दाना-पानी रखने हेतु मिटटी के सकोरे भी भेंट किए गए और अध्यक्ष ओ पी गुप्ता एवं कैलाशचन्द्र खंडेलवाल ने उन्हें संकल्प भी दिलाया गया कि वे जीवन में हमेशा हँसते मुस्कुराते हुए परिंदों एवं गौमाता की सेवा के साथ ही खुद के साथ अपने परिजनों, मित्रों और पड़ोसियों को भी हमेशा खुशमिजाज बनाए रखेंगे।
