इन्दौर।
बेटमा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बगीदा में पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला के साथ मारपीट की वारदात हुई है। चौंकाने वाली बात यह है कि जब पीड़िता का परिवार सुलह कराने पहुंचा, तब भी आरोपियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उन्होंने सबके सामने बहू पर हमला कर दिया। फरियादी कोमल पति दिलीप परमार निवासी बगीदा ने पुलिस को बताया कि उसका अपने पति के साथ किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी कलह को सुलझाने और समझाने के लिए कोमल की मां चिंताबाई और उसकी दो बहनें तन्नू व काजल उसके ससुराल पहुंची थीं। बातचीत के दौरान पुराने विवादों की बात फिर से छिड़ गई, जिससे ससुराल पक्ष के लोग उग्र हो गए।पीड़िता का आरोप है कि बहस के दौरान उसके देवर जितेन्द्र, सास जशोदाबाई और एक अन्य रिश्तेदार हरिचरण बागरी ने उसे गालियां देना शुरू कर दिया। जब कोमल ने इसका विरोध किया, तो तीनों ने मिलकर उसे थप्पड़ और मुक्कों से पीटना शुरू कर दिया। इस हमले में कोमल को शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं। बीच-बचाव करने आई मां और बहनों को भी आरोपियों ने डराया और कोमल को जान से मारने की धमकी दी।मारपीट के बाद पीड़िता ने बेटमा थाने पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई। पुलिस ने कोमल की रिपोर्ट पर आरोपी देवर जितेन्द्र, सास जशोदाबाई और रिश्तेदार हरिचरण बागरी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
