इन्दौर।
बड़गोंदा इलाके में सगाई टूटने से नाराज एक युवक ने अपनी प्रेमिका की मां की 250 फीट गहरी खाई में धक्का देकर हत्या कर दी। घटना मंगलवार शाम बड़गोंदा के छोटा अमरनाथ इलाके की है। मृतका किरण चौबे (36) का शव बुधवार को रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद निकाला। वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हुआ आरोपी राहुल अटेरिया पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। पुलिस ने उसे इंदौर के चंदन नगर इलाके से गिरफ्तार किया, जहाँ वह छिपकर रह रहा था।आरोपी राहुल, किरण और उनकी बेटी रागिनी को घुमाने ले गया था। वहां उसने रागिनी को ऊपर छोड़कर किरण को मंदिर दर्शन के बहाने नीचे बुलाया और खाई में धक्का दे दिया। बाद में उसने रागिनी को खुद हत्या की बात बताई। मृतका का बेटा सगाई टूटने से राहुल के नाराज होने की बात कह चुका है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है।
