
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य सेवाओं का तेजी से हो रहा विस्तार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल के प्रयासों से एमवाय अस्पताल को मिली आधुनिक मशीनें
इंदौर
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर से बेहतर किया जा रहा है। देश में अब सुपर स्पेशलिटी अस्पताल और एम्स की भी संख्या बढ़ाई जा रही है। स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। आयुष्मान भारत योजना का लाभ बड़ी संख्या में नागरिकों को मिल रहा है। सांसद श्री लालवानी आज शासकीय महाराज यशवंतराव चिकित्सालय इंदौर के रेडियोलॉजी विभाग में आयोजित अत्याधुनिक सीटी स्कैन एण्ड एमआरआई सेन्टर के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में विधायक गोलू शुक्ला, एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया, सुपरिंटेंडेंट डॉ. अशोक यादव एवं रेडियोडाग्नोसिस विभागाध्यक्ष डॉ. अलका अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित थी।
कार्यक्रम में सांसद श्री लालवानी ने कहा कि एमवाय अस्पताल में सीटी स्कैन और एमआरआई मशीन के लगने से दूर दराज अंचल से आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी। सड़क हादसों में घायल मरीजों को शीघ्र उपचार मिलेगा। अब उन्हें जांच के लिए दूसरे अस्पतालों में जाना नहीं पड़ेगा। श्री लालवानी ने कहा कि एमवाय अस्पताल में हेड इंजरी के उपचार के लिए मरीज दूर-दूर से आते है, ऐसे मरीजों के लिए सीटी स्कैन एंड एमआरआई सेन्टर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
विधायक श्री गोलू शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल के प्रयासों से इंदौर के एमवाय अस्पताल को ये दोनों आधुनिकत्तम मशीनें मिली है। हमारी कोशिश रहेगी कि इस अस्पताल को बेरियेटिक सर्जरी की भी बेहतर सुविधा मिले।
कार्यक्रम में डॉ. अरविंद घनघोरिया ने कहा कि एमवाय अस्पताल में उच्च स्तर के अनुभवी विशेषज्ञों का होना इंदौर के लिए ही नहीं बल्कि प्रदेश और देश के लिए गौरव की बात है। एमजीएम मेडिकल कॉलेज में स्नातक और स्नातकोत्तर की सीटें बढ़ने का लाभ प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं और बेहतर होगी। कार्यक्रम में डॉ. अलका अग्रवाल ने सीटी स्कैन मशीन और एमआरआई मशीनों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि इस विश्व स्तरीय तकनीक का लाभ आयुष्मान हितग्राही मरीजों के लिए नि:शुल्क एवं अन्य सभी मरीजों के लिए रियायती दर पर मिल सकेगा।
कार्यक्रम के पूर्व सांसद श्री लालवानी और विधायक श्री गोलू शुक्ला ने फीता काटकर समारोह का शुभारंभ किया। साथ ही मशीनों का पूजन भी किया। कार्यक्रम में डॉ. अमन गुप्ता, डॉ. अरविंद शुक्ला सहित बड़ी संख्या में डॉक्टर एवं मेडिकल के छात्र उपस्थित थे।
