कलेक्टर एवं निगम प्रशासक करेंगे 14 सितम्बर को ध्वजा पूजन के बाद भक्तों में मोदक वितरण का शुभारंभ
इंदौर खजराना स्थित सिद्धि विनायक गणेश मंदिर पर इस बार भी खजराना गणेश को भक्त मंडल की ओर से सवा लाख मोदक का प्रसाद समर्पित किया जाएगा। गणेशोत्सव इस बार चूँकि 12 दिनों तक मनाया जाएगा इसलिए भक्त मंडल ने बारह दिनों तक प्रतिदिन खजराना गणेश को अलग-अलग किस्म के अनाज के लड्डुओं का भोग समर्पित करने की व्यवस्था की है।
श्री सिद्धि विनायक भक्त मंडल के अरविंद बागड़ी, कैलाश पंच, पार्षद पुष्पेन्द्र पाटीदार एवं नेमीचंद पाटीदार ने बताया कि मंदिर की परम्परा के अनुरूप भक्त मंडल की ओर से पहले दिन सवा लाख मोदक का भोग समर्पित करने के बाद प्रतिदिन अलग-अलग किस्म के अनाज के लड्डुओं का भोग भी समर्पित किया जाएगा। मूंग, उड़द, चावल, चंवला, चना, ज्वार, बाजरा, गेंहू, सूखे मेवे, पंचमेवा सहित प्रतिदिन संध्या को खजराना गणेश को अलग-अलग लड्डुओं का भोग भी पूरे बारह दिनों तक लगाया जाएगा। भक्तों के बीच पहले दिन मोदक प्रसाद के वितरण के लिए भक्त मंडल के 20 कार्यकर्त्ता अपनी सेवाएँ देंगे। मोदक का निर्माण करीब 6 दिनों में पूरा होगा। इसके लिए प्रसिद्द हलवाई खेमजीभाई और उनके 30 सहयोगी 10 सुपरभट्टियों पर मोदक निर्माण का काम जल्द ही प्रारम्भ करेंगे। भक्त मंडल द्वारा मन्दिर के प्रबन्धक घनश्याम शुक्ला एवं गौरीशंकर मिश्रा के सहयोग से महोत्सव की तैयारियां प्रारम्भ कर दी गई हैं।
मंदिर के प्रमुख पुजारी पं. अशोक भट्ट एवं पं. उदित भट्ट ने बताया कि वैदिक मंगलाचरण के बीच बारह दिवसीय गणेशोत्सव का शुभारम्भ कलेक्टर एवं मन्दिर प्रबन्धन समिति के अध्यक्ष शिवम वर्मा तथा निगमायुक्त एवं मंदिर के प्रशासक क्षितिज सिंघल द्वारा 14 सितम्बर को सुबह 10 बजे ध्वजा पूजन के साथ किया जाएगा। ध्वजा पूजन के पश्चात भक्त मंडल की ओर से भक्तों में सवा लाख मोदक लड्डू के प्रसाद वितरण का शुभारंभ भी करेंगे।
