इन्दौर। अन्नपूर्णा पुलिस ने शहर की अलग-अलग कॉलोनियों में राहगीर महिलाओं को निशाना बनाकर मोबाइल स्नेचिंग करने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली है। थाना प्रभारी हितगोपाल यादव के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों के नाम राहुल रावत निवासी विदुर नगर और संयम मोर निवासी बापू घनश्याम दास नगर हैं। दोनों आरोपियों ने गत 23 मार्च को उषा नगर, क्रांति कृपलानी नगर और इंद्रलोक कॉलोनी में राह चलती महिलाओं से झपट्टा मारकर मोबाइल लूटने की तीन सनसनीखेज वारदातों को अंजाम दिया था। घटनाओं के बाद पुलिस की विशेष टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी घटनास्थल और उनके आसपास के मार्गों पर लगे लगभग 450 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी जांच और फुटेज के आधार पर पुलिस को आरोपियों का ठोस सुराग मिला, जिसके बाद घेराबंदी कर दोनों को धरदबोचा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 5 मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। पूछताछ में आरोपियों ने तीनों इलाकों में मोबाइल स्नेचिंग की वारदातें करना कबूल किया है। पुलिस को आशंका है कि इन बदमाशों से शहर के अन्य इलाकों में हुई लूट की वारदातों के खुलासे भी हो सकते हैं, जिसके चलते उनसे सघन पूछताछ की जा रही है।
