इन्दौर। बेटमा थाना क्षेत्र के ग्राम दौलताबाद में जमीन के पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर खूनी संघर्ष होने का मामला सामने आया है। खेत पर हुए इस विवाद के दौरान दोनों पक्षों की ओर से लाठियां और तलवारें निकल आईं, जिसमें कुछ लोग घायल हुए हैं। इस दौरान गुस्साए आरोपियों ने खेत पर खड़ी कार और ट्रैक्टर में भी जमकर तोडफ़ोड़ की। बेटमा पुलिस ने दोनों ही पक्षों की शिकायतों पर एक-दूसरे के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पहले पक्ष की ओर से फरियादी पोपसिंह पिता कनीराम नागर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि घटना उनके ग्राम दौलताबाद स्थित खेत पर घटित हुई। आरोपियों ने जमीन की बात को लेकर अचानक विवाद शुरू कर दिया और अभद्र गालियां देने लगे। जब पोपसिंह और उनके परिवार ने गालियां देने से मना किया, तो आरोपियों ने तैश में आकर डंडे और धारदार तलवार से उन पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान हमलावरों ने खेत पर खड़े वाहन कार और ट्रैक्टर में भी तोडफ़ोड़ की और जाते-जाते जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने इस शिकायत पर आरोपी दिनेश पिता भागीरथ, अनिल पिता रामचंद्र धाकड़, महेश पिता भागीरथ, जितेंद्र धाकड़, दिलीप धाकड़, आशीष पिता कल्याण धाकड़ और ऋषि पिता दिनेश के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं दूसरी ओर, इसी मामले में दूसरे पक्ष की तरफ से फरियादी दिनेश पिता भागीरथ नागर, ने भी थाने पहुँचकर जवाबी रिपोर्ट दर्ज कराई है। दिनेश का आरोप है कि जमीन के इसी विवाद को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज की। जब इसका विरोध किया गया, तो आरोपियों ने लामबंद होकर उन पर लाठियों और तलवार से हमला कर दिया, जिससे उनके पक्ष के लोग घायल हुए हैं। इस शिकायत पर बेटमा पुलिस ने आरोपी पोपसिंह पिता कनीराम, राजेश पिता रामसिंह, कमल पिता रामसिंह और राजदीप पिता पोपसिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है।
