स्कीम 140 स्थित कार्यालय से 10 जुलाई तक नामांकन फॉर्म प्रतिदिन शाम 4 से 7 बजे तक मिलेंगे

इंदौर अग्रवाल समाज की शीर्ष संस्था श्री अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति के द्विवार्षिक चुनाव के लिए नामांकन फॉर्म के वितरण का काम मंगलवार से केन्द्रीय समिति के आंचल नगर, स्कीम 140, पीपल्याहाना स्थित हाईटेक कार्यालय पर शुरू हो गया है। मुख्य चुनाव अधिकारी गोपालदास अग्रवाल एवं सहायक चुनाव अधिकारी मनीष खजांची और अरविंद अग्रवाल वेल्यूअर ने बताया कि मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है। नामांकन फॉर्म वितरण 10 जुलाई तक प्रतिदिन शाम 4 से 7 बजे तक जारी रहेगा। इसके पश्चात 8 से 11 जुलाई तक नामांकन फॉर्म जमा किए जा सकेंगे। सोमवार 13 जुलाई को जाँच के पश्चात शाम 4 बजे वैध उम्मीदवारों की सूची का प्रकाशन कर दिया जाएगा और बुधवार 15 जुलाई को शाम 4 से 7 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। गुरुवार 16 जुलाई को उम्मीदवारों की अंतिम सूची का प्रकाशन कर दिया जाएगा और जरुरी हुआ तो कुल 21 पदों के लिए रविवार 26 जुलाई को सुबह 10 से शाम 5 बजे तक राजीव गाँधी चौराहा स्थित शुभ कारज गार्डन पर मतदान होगा।
कुल 21 पदों के लिए होंगे चुनाव – चुनाव में अध्यक्ष के एक पद, उपाध्यक्ष के एक महिला सहित दो पदों, महामंत्री, कोषाध्यक्ष, संयोजक, सहमंत्री एवं सहसंयोजक के एक-एक पद सहित आठ पदों पर एवं कार्यकारिणी में दस पदों तथा तीन महिलाओं सहित इक्कीस पदों पर चुनाव होंगे।
आईडी प्रूफ जरुरी – गत 28 जून को आपत्तियों की सुनवाई एवं जाँच के बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा चुका है। मतदान के लिए आने वाले सदस्यों से फोटो एवं पते वाला आईडी प्रूफ जिनमें पासपोर्ट, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस साथ लेकर आना अनिवार्य होगा। पहचान के प्रमाण में जो पता दर्ज होगा वह केन्द्रीय समिति की अंतिम मतदाता सूची से मिलता होना चाहिए अन्यथा मतदान में हिस्सा नहीं ले सकेंगे।
