इंदौर चंदन नगर थाना क्षेत्र में पति ने न केवल पत्नी के साथ गाली-गलौज की, बल्कि डंडे से हमला कर उसका सिर फोड़ दिया और पुलिस में शिकायत करने पर जान से खत्म करने की धमकी दी। चंदन नगर पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार पीड़िता सुकी पति करन मेहता निवासी दुर्गा नगर, जवाहर टेकरी ने थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। पीड़िता ने बताया कि बीती शाम जब वह घर के अंदर जा रही थी, तभी उसका पति करन उस पर शक करते हुए चिल्लाने लगा। आरोपी ने उस पर बेवजह चरित्रहीन होने का आरोप लगाया और गालियां देने लगा। जब पीड़िता ने उसे ऐसा करने से मना किया, तो करन आपा खो बैठा। पीड़िता ने आरोप लगाया कि पति ने पहले उसे थप्पड़ों से बुरी तरह पीटा और इसके बाद घर में रखे डंडे से उसके सिर के पीछे के हिस्से में जोरदार वार कर दिया। डंडा लगने से पीड़िता का सिर फट गया और काफी खून बहने लगा। लहूलुहान हालत में भी आरोपी का दिल नहीं पसीजा, उसने धमकी दी कि यदि वह थाने में रिपोर्ट करने गई, तो उसे जान से खत्म कर देगा।
