इंदौर। आजाद नगर थाना क्षेत्र में एक गैरेज पर स्कूटी सुधरवाने गई युवती के साथ छेड़छाड़, गालीगलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। यहाँ एक मनचले युवक ने युवती को देखकर न केवल उस पर अश्लील फब्तियां कसीं और बुरी नीयत से उसके कंधे पर हाथ रखा, बल्कि विरोध करने पर उसे थप्पड़ मारकर जान से मारने की धमकी भी दे डाली। आजाद नगर पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और मारपीट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार,२३ वर्षीय पीड़िता ने थाने पहुंचकर आरोपी संदीप पिता संतोर्ष प्रजापत के गैरेज पर अपनी स्कूटी सुधरवाने गई थी। वह गैरेज पर खड़ी थी, तभी वहां भील कॉलोनी का रहने वाला संदीप आ धमका। संदीप ने युवती को अकेले देखकर उससे पूछा कि वह यहाँ क्यों आई है, जिस पर पीड़िता ने जवाब दिया कि वह अपनी स्कूटी सुधरवाने आई है। युवती का जवाब सुनते ही आरोपी संदीप अपनी मयार्दा भूल गया और बुरी नीयत से अश्लील बातें करते हुए बोला कि मेरे भी कुछ काम करा दे। इतना ही नहीं, आरोपी ने जबरन पीड़िता के नजदीक आकर उसके कंधे पर हाथ रख दिया। इस बदतमीजी पर जब पीड़िता ने कड़ा ऐतराज जताया और आरोपी को डांटते हुए दूर रहकर बात करने को कहा, तो आरोपी संदीप आपा खो बैठा। वह युवती को भला-बुरा कहते हुए गालियां देने लगा। जब पीड़िता ने उसे गाली देने से मना किया, तो आरोपी ने उसे जोर से थप्पड़ मार दिया।
