संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी अभियानों पर हुआ मंथन
जिला अध्यक्ष श्रवणसिंह चावड़ा: केंद्र-राज्य की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं कार्यकर्ता

इंदौर। भाजपा सांवेर विधानसभा के सांवेर, पालिया, क्षिप्रा और खुड़ैल चारों ग्रामीण मंडलों की मासिक बैठक बुधवार को संपन्न हुई। बैठक जिला अध्यक्ष श्रवणसिंह चावड़ा एवं जिला प्रभारी शैलेंद्र डागा की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित की गई।बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
नियमित बैठकें ही संगठन की ताकत: श्रवणसिंह चावड़ा
जिला अध्यक्ष श्रवणसिंह चावड़ा ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देशानुसार सभी मंडलों में नियमित मासिक बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकों में संगठन द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाती है।उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में संत शिरोमणि रविदास जी की जयंती, हर घर तिरंगा अभियान और 16 अगस्त से प्रारंभ होने वाली कलश रथ यात्रा सहित विभिन्न कार्यक्रमों को सफल बनाना है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।चावड़ा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाएं।
सोशल मीडिया और ‘मन की बात’ पर जोर: शैलेंद्र डागा
जिला प्रभारी शैलेंद्र डागा ने कहा कि संगठन की गतिविधियों को समाज तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए हर कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।उन्होंने सोशल मीडिया पर संगठन एवं सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और प्रत्येक कार्यकर्ता से निरंतर संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही पार्टी द्वारा सौंपे गए प्रत्येक दायित्व का पूर्ण निष्ठा के साथ निर्वहन करने का आग्रह किया।
कार्यकर्ताओं की बड़ी उपस्थिति
बैठक में भारतसिंह चौहान, सुभाष चौधरी, दिलीप चौधरी, अंतर दयाल, सुरेश सिंह धनखेड़ी, रीना सतीश मालवीय, संदीप चंगेडीया, शिवपाल सिंह चावड़ा, तूफानसिंह पंवार, रवि बाजपेई, विष्णु चौधरी, विनोद चंदानी, लोकेंद्र सिंह पंवार, रवि जैन, सुभाष पाटीदार, अभिलेश ठक्कर सहित चारों मंडलों के पदाधिकारी, मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, शक्ति केंद्रों की टोली एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।बैठक के अंत में सभी ने आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने और संगठन को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लिया।
