
इंदौर
इंदौर संभागायुक्त भास्कर लक्षकार ने गुरुवार को संभागायुक्त कार्यालय में लगातार कई बैठकें आयोजित की। सबसे पहले उन्हें चाचा नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान के पश्चात शासकीय महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज और फिर रॉबर्ट नर्सिंग होम की बैठक की। बैठक के दौरान संभागायुक्त श्री लक्षकार ने सभी से उन पहलुओं पर जानकारी ली जहां संस्था को क्रियान्वयन या संचालन आदि में किसी तरह से समस्या आ रही है। चाचा नेहरू अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अरविंद कुमार शुक्ल और डॉ. सुनील आर्य द्वारा बताया गया कि लंबे समय से एक ही समिति द्वारा संचालन किया जा रहा है। साथ ही समिति में छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी समिति से अनुमति प्राप्त करना होती है, इसलिए कार्य में देरी आ रही है। इस संबंध में संभागायुक्त श्री लक्षकार ने कहा कि समिति का पुनर्गठन बायलॉज के अनुसार करे। साथ ही वित्तीय प्रबंधन ने लिए भी व्यवस्थाएं दुरुस्त करना आवश्यक है। इसका प्रस्ताव भी मांगा गया है। संभागायुक्त श्री लक्षकार ने पुराने अस्पताल का जीर्णोद्धार या नवीन भवन का प्रस्ताव भी तैयार करने के निर्देश दिए है। शासकीय महिला पॉलिटेक्निक द्वारा कक्षाएं संचालन के लिये समय बदलाव का प्रस्ताव और छात्रावास के संधारण संबंधी समस्याएं बताई गई। संभागायुक्त श्री लक्षकार ने आंतरित समिति द्वारा सर्व सम्मति से निर्णय लिया जाये साथ ही जनभागीदारी समिति की बैठक आयोजित कराई जाये। साथ ही कॉलेज द्वारा ड्रापआउट होने वाले विद्यार्थियों की नए सिरे से समीक्षा की जाये।
बैठक में बताया गया कि शासकीय महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज की स्थापना वर्ष 1993 में हुई थी। कॉलेज में एआईसीटीई (AICTE) और सीओए (COA) द्वारा तीन वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रम स्वीकृत हैं। यहाँ आर्किटेक्चर एंड इंटीरियर डिज़ाइन, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, फैशन टेक्नोलॉजी तथा होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी के पाठ्यक्रम संचालित किए जाते हैं। कॉलेज में सभी पाठ्यक्रमों में करीब डेढ़ सौ सीटें हैं और सभी में प्रवेश शत-प्रतिशत होते हैं। कॉलेज में लैब, हॉस्टल, मेस आदि की सुविधाएँ उपलब्ध हैं।
बैठक में संभागायुक्त श्री लक्षकार ने कहा कि राबर्ट नर्सिंग होम की स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर किया जाये, ताकि उपचार के लिये आने वाले गरीब एवं मध्यवर्गीय मरीजों को बेहतर सुविधा मिले। बैठक में राबर्ट नर्सिंग होम ट्रेस्ट से जुड़े किशोर रघुवंशी और विनय झेलावत ने बताया कि राबर्ट नर्सिंग होम की स्थापना करीब सवा सौ वर्ष पूर्व हुई थी। यहाँ प्रसूति सेवाओं सहित कीमोथेरेपी, डायलिसिस आदि की सुविधाएँ प्रदान की जाती हैं। रॉबर्ट नर्सिंग होम की बैठक प्रथक से की जायेगी।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु प्रजापति, डॉ. मुकेश खापरा, श्रीमती एस.एस. लाल सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
