
ग्रामीणों एवं किसानों की समस्याओं का किया गया हाथोंहाथ निराकरण
इंदौर
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशानुसार जिले में आमजनों के राजस्व संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिये विशेष शिविर आयोजित किये जा रहे है। इसी क्रम में शुक्रवार को तहसील हातोद अंतर्गत राजस्व वृत्त-02 ग्राम जम्बूर्डी हप्सी में राजस्व शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों एवं किसानों की समस्याओं का निराकरण किया। शिविर में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) हातोद श्री राजेश कुमार सिंह, तहसीलदार श्री गोविंद सिंह ठाकुर, अपर तहसीलदार श्री धर्मेन्द्र सिंह चौहान सहित तहसील का समस्त अमला उपस्थित रहा। इसके अलावा स्वास्थ्य, लोक निर्माण, पंचायत, विद्युत एवं कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि एवं सरपंच भी मौजूद रहे।
शिविर में लगभग 500 किसान शामिल हुए। अनुविभागीय अधिकारी द्वारा इन्द्राज दुरुस्ती के 2 प्रकरणों का निराकरण किया गया। वहीं तहसीलदार द्वारा नामांतरण के 10 एवं बंटवारे के 2 प्रकरणों की सुनवाई कर अंतिम आदेश पारित किए गए। इस प्रकार शिविर में कुल 14 राजस्व प्रकरणों का निराकरण कर संबंधित हितग्राहियों को आदेशों की प्रतियां प्रदान की गईं।
शिविर में अन्य विभागों से संबंधित समस्याओं का भी निराकरण किया गया। मार्ग में बाधा बन रहे विद्युत तारों को हटाने के संबंध में विद्युत विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही 7 सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण किया गया तथा किसानों के ई-केवाईसी एवं फार्मर रजिस्ट्री का कार्य भी संपादित किया गया। शिविर के दौरान ग्राम जम्बूर्डी हप्सी स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण भी किया गया। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक सुधार एवं बेहतर संचालन के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
