“शहीदों को नमन, भोले को जल” – क्रांतिकारियों के चित्रों के साथ निकली राष्ट्रभक्ति कावड़ यात्रा

“सच्चा धर्म मानवता सिखाता है” – विधायक उषा ठाकुर
शिवभक्ति के साथ देशभक्ति का संदेश देती निकली कावड़ यात्रा
इंदौर। समग्र क्रांति चेतना मंच द्वारा निकाली गई कावड़ यात्रा को रवाना करते हुए विधायक उषा ठाकुर ने कहा,”सच्चा धर्म मानवता सिखाता है, और राष्ट्रभक्ति देश के प्रति समर्पण का संदेश देती है। शिव की आराधना के साथ देश भक्ति का संदेश देने वाली यह यात्रा युवाओं को संस्कार और देशप्रेम दोनों से जोड़ेगी।”कावड़ यात्रा बाणेश्वर कुंड से उज्जैन महाकाल के लिए रवाना हुई, जिसमें कावड़ियों ने “हर हर महादेव” के साथ “वंदे मातरम्” और “भारत माता की जय” के नारे लगाए।
शिवभक्ति के साथ राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला जब समग्र क्रांति चेतना मंच द्वारा आयोजित कावड़ यात्रा बाणेश्वर कुंड, बाणगंगा इंदौर से उज्जैन महाकाल के लिए रवाना हुई। यात्रा संरक्षक विधायक सुश्री उषा ठाकुर , आयोजक जगदीश प्रजापत ने बताया कि कावड़ यात्रा की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि यात्रा में भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, सुभाष चंद्र बोस सहित अनेक क्रांतिकारियों के चित्र लेकर कावड़िये चले। कंधे पर कावड़ और हाथ में तिरंगा लेकर “बोल बम” के साथ “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारे गूंजते रहे।
विधायक उषा ठाकुर ने किया शुभारंभ
यात्रा को कावड़ यात्रा संरक्षक एवं विधायक उषा ठाकुर ने बाणेश्वर कुंड पर विधि-विधान से पूजन कर कावड़ यात्रियों को तिलक लगाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल जलाभिषेक के लिए नहीं, बल्कि युवाओं में देशभक्ति और संस्कार जगाने के लिए भी है।
भक्ति के साथ देशभक्ति के जयकारे
यात्रा के दौरान “हर हर महादेव”, “बोल बम”, “जय श्रीराम” के उद्घोष के साथ ही “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारे पूरे मार्ग में गूंजते रहे। कावड़ियों ने कहा कि हम भोलेनाथ को जल चढ़ाने के साथ ही उन शहीदों को भी नमन कर रहे हैं जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए।
यात्रा मार्ग और कार्यक्रम
यात्रा बाणेश्वर कुंड से प्रारंभ होकर सांवेर रोड, धरमपुरी होते हुए रात्रि विश्राम सांवेर में करेगी।9 अगस्त शनिवार को प्रातः 8 बजे सांवेर से यात्रा पुनः प्रस्थान कर उज्जैन महाकाल मंदिर पहुंचेगी, जहां कावड़ियों द्वारा भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया जाएगा। समग्र क्रांति चेतना मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य नई पीढ़ी को शिवभक्ति के साथ देशभक्ति से जोड़ना है। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने कावड़ियों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया और जलपान की व्यवस्था की।यात्रा में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हुए। सभी के चेहरे पर भक्ति और देशप्रेम का भाव स्पष्ट दिखाई दे रहा था। प्रमुख मुख्य अतिथि विधायक सुश्री उषा ठाकुर, पार्षद श्री पराग जी कौशल, जगदीश प्रजापत ,राजेश चौहान, लाल गुरु दादा, सुनील शेखावत, राजेश जसिया, मनोज केतले विकास, विवेक, अभिषेक कुशवाहा, राजेश पवार, मयंक जी परमार, बबलू दुबे,सचिन माने, राजू परमार ,टेकचंद केतले मौजूद थे ।
यात्रा की विशेषता:
संरक्षक विधायक उषा ठाकुर ओर जगदीश प्रजापत ने बताया कि कावड़ यात्रा की सबसे बड़ी विशेषता अनुशासन और संस्कार है। दल के सभी सदस्य प्रतिदिन प्रातः “वंदे मातरम्” और शाम को परिवार के साथ “जन-गण-मन” का गान करेंगे। इसके पश्चात सूर्यास्त के समय गाय के गोबर के कंडे पर घी, कपूर और अक्षत की आहुति देकर सामूहिक संध्या पाठ किया जाएगा।
