
महू। शासकीय विद्यालयों की तस्वीर बदलने की दिशा में जनपद पंचायत डॉ. अम्बेडकर नगर महू ने एक और अभिनव पहल शुरू की है। अब जनपद क्षेत्र के शासकीय विद्यालयों के पुराने किचन शेड केवल मरम्मत नहीं किए जा रहे, बल्कि उन्हें घर के किचन की तरह स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित और आधुनिक स्वरूप में विकसित किया जा रहा है।कलेक्टर इंदौर श्री शिवम् वर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री हिमांशु प्रजापति एवं क्षेत्रीय विधायक सुश्री उषा ठाकुर के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में जनपद पंचायत महू ने विद्यालयों के किचन शेड के जीर्णोद्धार और उन्नयन का अभियान प्रारंभ किया है। इसका उद्देश्य बच्चों को दिए जाने वाले मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता बेहतर करने के साथ भोजन निर्माण की पूरी प्रक्रिया में स्वच्छता, सुरक्षा और हाइजीन के उच्च मानक सुनिश्चित करना है।इस अभिनव पहल की झलक मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के दौरान ग्राम अम्बा चंदन में देखने को मिली। यहां शासकीय माध्यमिक विद्यालय के पुराने किचन को पूरी तरह सुधारकर आधुनिक स्वरूप प्रदान किया गया। नवनिर्मित एवं उन्नत किचन का लोकार्पण क्षेत्रीय विधायक सुश्री उषा ठाकुर एवं कलेक्टर इंदौर श्री शिवम् वर्मा द्वारा किया गया।
आधुनिक किचन में भोजन तैयार करने, सामग्री रखने तथा साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था विकसित की गई है। खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण के लिए प्रशासन द्वारा रेफ्रिजरेटर (फ्रिज) की व्यवस्था भी की गई है।सबसे सुखद प्रतिक्रिया विद्यालय की मध्यान्ह भोजन बनाने वाली रसोइयों की रही। घर जैसे साफ-सुथरे और व्यवस्थित किचन को देखकर उन्होंने खुशी व्यक्त की। बेहतर कार्यस्थल मिलने से जहां उन्हें भोजन तैयार करने में सुविधा होगी, वहीं साफ-सफाई एवं खाद्य सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव में भी मदद मिलेगी।
पूरे जनपद में चलेगा अभियान
अम्बा चंदन के किचन को मॉडल के रूप में लेते हुए जनपद पंचायत डॉ. अम्बेडकर नगर महू द्वारा जनपद क्षेत्र के शासकीय विद्यालयों में किचन मरम्मत एवं सुधार का कार्य अभियान के रूप में किया जा रहा है। पुराने एवं अनुपयोगी स्वरूप वाले किचन को चरणबद्ध तरीके से बेहतर, स्वच्छ एवं सुविधाजनक बनाया जा रहा है।इस पहल के पीछे सोच स्पष्ट है— सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे को मिलने वाला भोजन केवल पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण ही न हो, बल्कि वह ऐसे किचन में तैयार हो जहां स्वच्छता और हाइजीन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।“जिस स्वच्छता और व्यवस्था की अपेक्षा हम अपने घर के किचन से करते हैं, वही व्यवस्था हमारे शासकीय विद्यालयों के किचन में भी हो”— इसी संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में जनपद पंचायत महू आगे बढ़ रही है।
