इंदौर। अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र के महावर नगर में बेखौफ बदमाशों द्वारा एक १५ वर्षीय किशोर पर जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया।आरोपियों ने रंगदारी दिखाते हुए ज्यादा बदमाशी की बात कही और किशोर के गले व हाथ पर धारदार चाकू से वार कर दिए। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग निकले। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, फरियादी मोहित पिता सुंदरलाल बेरदिया (१५)निवासी महावर नगर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि क्षेत्र के ही रहने वाले आरोपी वेदांत पिता गेंदालाल तलेटिया और उसका साथी निर्भय पिता रवि अस्टोलिया उसके पास पहुंचे। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए फरियादी से कहा कि तुझे बदमाशी ज्यादा लग रही है। पीड़ित जब तक कुछ समझ पाता, तब तक आरोपी वेदांत और निर्भय ने जान से मारने की नीयत से अपने पास रखे चाकू से उस पर हमला कर दिया। बदमाशों ने सीधे किशोर के गले और बाएं हाथ के पंजे पर चाकू से वार कर दिए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल किशोर को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। अन्नपूर्णा थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है।
