इंदौर खजराना थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न थाना क्षेत्रों से चुराई गई ३ लाख रुपये से अधिक कीमत की ५ मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। शातिर चोर अपने नशे की लत और शौक पूरा करने के लिए मास्टर चाबियों का इस्तेमाल कर गाड़ियों के लॉक खोलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने ई-रक्षक ऐप और सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों का सुराग लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, फरियादी अल्ताफ की शिकायत पर खजराना थाने में बाइक चोरी का अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके के कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सूचना संकलित की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो-तीन संदिग्ध आरोपी रंगून गार्डन के पास खजराना स्टार चौराहे पर एक सुनसान जगह पर खड़े हैं। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए विशेष पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम फरदीन उर्फ कालू पिता यूनुस शेख निवासी झुमरू कॉलोनी, खजराना, इरशाद पिता जाकिर खान निवासी हबीब कॉलोनी, खजराना और मोहम्मद अशफाक अंसारी पिता अजीजुर रहमान निवासी दौलत गंज, कोतवाली बताया। आरोपियों के कब्जे से ५ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं। खजराना थाना पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से शहर के अन्य थाना क्षेत्रों में हुई वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में कड़ाई से पूछताछ कर रही है।
