इंदौर परदेशीपुरा थाना क्षेत्र के कुलकर्णी का भट्टा इलाके में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए चांदी की ज्वेलरी और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। फरियादी जब शहर से बाहर गए हुए थे, उसी दौरान अज्ञात बदमाश घर में घुसे और अलमारी खंगालकर रफूचक्कर हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, कुलकर्णी का भट्टा निवासी लालराम पिता मिश्रीलाल लाहोरिया ने परदेशीपुरा थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरियादी ने बताया कि वह किसी काम से उज्जैन गए हुए थे। जब वे वापस लौटे और घर के अंदर पहुंचे, तो अलमारी खुली पड़ी थी और सामान अस्त-व्यस्त था।पड़ताल करने पर अलमारी में रखी एक जोड़ी चांदी की पायल, तीन बिछिया और १९,५०० रुपये नगद गायब मिले। फरियादी के अनुसार उनके पास उक्त जेवरातों के बिल उपलब्ध नहीं हैं। पीड़ित का आरोप है कि उनकी गैरमौजूदगी में कोई अज्ञात बदमाश चोरी की नीयत से घर में दाखिल हुआ और नकदी व जेवर चुराकर फरार हो गया।
