
इंदौर नवलखा स्थित मनकामेश्वर कांटाफोड़ शिव मंदिर पर चल रहे श्रावणी अनुष्ठान के तहत श्रावणी पूर्णिमा पर शुक्रवार सुबह ब्रह्म मुहूर्त में भस्म आरती का आयोजन नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के मुख्य आतिथ्य में सौल्लास संपन्न हुआ। सैकड़ों शिवभक्तों ने हर-हर महादेव के जयघोष के बीच स्मशान घाट से लाई गई भस्म से लगभग 3 घंटे तक चली इस पूजा एवं अन्य अनुष्ठानों में भाग लिया। मंदिर ट्रस्ट की ओर से अध्यक्ष विष्णु बिंदल, टीकमचंद गर्ग, संयोजक बी.के. गोयल ने बताया कि राज्य के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने भी मंदिर पहुंचकर सुबह पूजा-अर्चना की। मंत्री द्वय ने इस दौरान समूचे मालवांचल में सुखद वर्षा की कामना की। भक्त मंडल की ओर से संदीप गोयल, सुशील प्रजापति, हेमंत अग्रवाल, परमानंद वालेचा, वरुण मंगल सहित सैकड़ों भक्तों ने महाआरती में भाग लिया।
कांटाफोड़ मंदिर पर भस्म आरती का अनुष्ठान उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर की तर्ज पर प्रतिवर्ष श्रावणी पूर्णिमा पर सुबह ब्रह्म मुहूर्त में किया जाता है। इसके पूर्व भगवान जगन्नाथ की जीवंत झांकी के दर्शन के लिए सैकड़ों श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और मंदिर स्थित सभी देवालयों में पूजा-अर्चना कर देश एवं प्रदेश में सुख-शांति एवं समृद्धि के लिए प्रार्थना की। विजयवर्गीय एवं सिलावट ने इस मौके पर सभी भक्तों को रक्षाबंधन एवं श्रावणी अनुष्ठान की पूर्णाहुति पर बधाई एवं शुभकामनाएं व्यक्त की।
