
इंदौर एयरपोर्ट रोड, पीलियाखाल स्थित प्राचीन हंसदास मठ पर श्रावणी उपाकर्म अनुष्ठान में शुक्रवार को हंस पीठाधीश्वर श्रीमहंत स्वामी रामचरणदास महाराज एवं महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज के सानिध्य में 300 से अधिक साधकों ने भाग लेकर आचार्य पं. आदित्य पाराशर एवं पं. गणेश शास्त्री के निर्देशन में नए यज्ञोपवीत धारण किए। हंसदास मंठ, परशुराम महासभा एवं पाराशर ब्राह्मण समाज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अनुष्ठान में हंसदास मठ संस्कृत विद्यापीठ के वेदपाठी बटुकों ने भी भाग लिया।मठ के पं. अमितदास महाराज ने बताया कि इस अवसर पर पं. गोविंद शर्मा, कैलाश गोला, राजेश दुबे, पं. लीलाधर शर्मा, पं. महेश शर्मा अखंड भारत, हंसदास विद्यापीठ के प्राचार्य पं. रामकुमार शर्मा, पं. अनिकेत, पं. मनमोहन, पं. कैलाश पाराशर आदि ने अपने साथियों सहित उत्साहपूर्वक भाग लिया। सामूहिक स्नान के बाद साधकों ने विद्वान आचार्यों के निर्देशन में प्रायश्चित, तर्पण, सप्तऋषि पूजन तथा हेमाद्रि संकल्प आदि शास्त्रोक्त विधियों का पालन करते हुए तीर्थ स्थलों, नदियों और सूर्यदेवता की प्रार्थना के बाद दशविध स्नान, ध्यान संध्या, सूर्य उपासना के बाद नए यज्ञोपवीत धारण किए और आश्रम के श्रीमहंत स्वामी रामचरणदास महाराज एवं महामंडलेश्वर पं. पवनदास महाराज के भी शुभाशीष प्राप्त किए। इसके साथ ही श्रावण माह के पहले दिन से मठ पर चल रहे श्रावणी अनुष्ठानों की पूर्णाहुति सौल्लास सम्पन्न हुई।
