इंदौर।
तेजाजी नगर थाना इलाके के ग्राम माचला में पारिवारिक विवाद के दौरान सिरफिरे बड़े भाई ने छोटे भाई पर हथौड़े से हमला कर दिया। शराब के नशे में पत्नी से झगड़ रहे आरोपी ने बीच-बचाव करने आए छोटे भाई के सिर और मुंह पर वार कर उसे घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।पुलिस के मुताबिक ग्राम माचला निवासी भैय्या उर्फ योगेश पाटिल ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसका बड़ा भाई अन्ना पाटिल शराब के नशे में अपनी पत्नी से विवाद कर रहा था। योगेश जब अपने भाई को समझाने और शांत कराने पहुंचा, तो अन्ना गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने हथौड़े से हमला कर योगेश के सिर के पिछले हिस्से और दांत में गंभीर चोट पहुंचा दी। तेजाजी नगर थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर आरोपी अन्ना पाटिल के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
