इंदौर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लसूडिया पुलिस ने धार जिले के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। घेराबंदी में पकड़ाए आरोपी के पास से १२.७२ ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत ६० हजार बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर लसूडिया पुलिस टीम ने बायपास रोड पर नाकाबंदी की थी। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में घूम रहे युवक को हिरासत में लेकर जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसकी जेब से १२.७२ ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अजय पाटीदार निवासी ग्राम दत्तीगारा, बदनावर, जिला धार बताया। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। लसूडिया थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और शहर में उसके नेटवर्क व सप्लाई के ठिकानों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
