इंदौर। शहर और देहात के अलगअलग थाना क्षेत्रों में चोरी की वारदातें सामने आई हैं। चोरों ने एमआईजी में शासकीय आवास और खुड़ैल क्षेत्र में सूने मकान के ताले तोड़े, वहीं देपालपुर में एक वेयरहाउस से गेहूं की बोरियां पार कर दीं। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एमआईजी थाना क्षेत्र में छोटी खजरानी स्थित शासकीय आवास में रहने वाले दीपक राठौर के सूने मकान में चोरों ने धावा बोल दिया। ३० अगस्त की दोपहर जब पौधों में पानी देने पहुंचे मंगल सिंह रावत ने ताला टूटा देखा, तो पीड़ित को सूचना दी। घर के अंदर अलमारी खुली थी और सामान बिखरा पड़ा था। एमआईजी पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। खुड़ैल थाना इलाके के पुष्परतन पार्क देवगुराड़िया निवासी अशोक कुमार राठौर परिवार सहित बाहर गए हुए थे। ३० अगस्त की रात लौटने पर उन्हें मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर पलंग पेटी, अलमारी और कवर्ड टूटे थे, जिनमें रखे सोने-चांदी के आभूषण, २ घड़ियां और ८-१० हजार रुपये नकद गायब थे। खुड़ैल पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।देपालपुर के हरनासा निवासी राज पटेल के वेयरहाउस की खिड़की तोड़कर अज्ञात चोर अंदर दाखिल हुए। बदमाश वेयरहाउस में रखे ३५ कट्टे गेहूं कीमत लगभग ४००००चुराकर ले गए। देपालपुर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
