इंदौर राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में सड़क पर लोडिंग वाहन खड़ा करने जैसी मामूली बात को लेकर तीन बदमाशों ने एक युवक पर हमला कर दिया। आरोपियों ने लोडिंग वाहन में तोड़फोड़ की और विरोध करने पर युवक के सिर पर ईंट दे मारी। बीच-बचाव करने आई पीड़ित की पत्नी से भी आरोपियों ने अभद्रता और धक्का-मुक्की की। पुलिस के अनुसार, तेजपुर गड़बड़ी निवासी विनोद वर्मा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित ने बताया कि उनका लोडिंग वाहन एमपी ०९ एलक्यू ६९६७ घर के बाहर खड़ा था। इसी बात से नाराज होकर इलाके के ही रहने वाले आरोपी साहिल परमार, छोटू परमार और नितिन उर्फ डमरू जाधव वहां पहुंचे और वाहन में तोड़फोड़ करते हुए गाली-गलौज करने लगे। जब विनोद ने गाली देने से मना किया, तो आरोपी साहिल ने पास पड़ी ईंट उठाकर उनके सिर पर दे मारी, जिससे वे लहूलुहान हो गए। वहीं नितिन और छोटू ने पीड़ित के साथ लात-घूंसों से मारपीट की। शोर सुनकर जब पीड़ित की पत्नी शकुंतला बचाव के लिए पहुंची, तो बदमाशों ने उनके साथ भी बदसलूकी व धक्कामुक्की की। वारदात के बाद तीनों आरोपी दोबारा गाड़ी खड़ी करने पर जान से खत्म करने की धमकी देते हुए भाग निकले।
