इंदौर। लसूडिया थाना क्षेत्र में सड़क पर वाहन को कट मारने का विरोध करना दो युवकों को भारी पड़ गया। मनचले युवकों ने पीछा कर फरियादी के घर तक पहुंचकर भाइयों के साथ लात-घूंसों और नुकीली चीज से हमला कर दिया। वारदात में दोनों युवक घायल हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, श्रीनाथ टाउनशिप ढाबली निवासी रेखा वर्मा ने लसूडिया थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि उनका बेटा मयंक और कार्तिक स्कूटी से आ रहे थे, तभी बाइक सवार विक्की निवासी ढाबली और उसके साथी ने उनकी स्कूटी को कट मार दिया। जब मयंक ने गाड़ी देखकर चलाने को कहा, तो आरोपी विवाद करने लगे। इसके बाद आरोपी पीछा करते हुए पीड़िता के घर तक आ पहुंचे। बदमाशों ने मयंक और कार्तिक के साथ गाली-गलौज करते हुए लातघूंसों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान विक्की और उसके साथी ने किसी नुकीली चीज से हमला कर दिया, जिससे मयंक के हाथ और कार्तिक के पैर में चोट आई और कपड़े फट गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दोबारा दिखने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
