इंदौर भंवरकुआं थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में आज गुरुवार तडक़े सनसनीखेज हत्याकांड का मामला सामने आया है। यहां फुटपाथ पर सोने वाले एक हम्माल की बदमाश ने भारी पत्थरों से सिर कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी। सुबह जब स्थानीय लोगों ने सडक़ किनारे लहूलुहान हालत में शव देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मृतक का साथी वारदात के बाद से ही गायब है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। सूचना मिलते ही भंवरकुआं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया। एसीपी विजय चौधरी के अनुसार आज गुरुवार सुबह करीब 6 बजे पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि ट्रांसपोर्ट नगर स्थित फुटपाथ पर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। मृतक की शिनाख्त 50 वर्षीय गोल्डी के रूप में हुई है, जो पिछले कई सालों से इसी इलाके में रहकर हम्माली और खड़े ट्रकों की चौकीदारी का काम करता था। घटनास्थल पर मृतक का चेहरा और सिर खून से पूरी तरह सना हुआ था, और पास ही खून से सने भारी पत्थर भी मिले हैं, जिससे स्पष्ट है कि सोते समय या विवाद के दौरान भारी पत्थर पटककर उसकी हत्या की गई है। पुलिस द्वारा आसपास के लोगों और अन्य हम्मालों से की गई शुरूआती पूछताछ में पता चला है कि मृतक गोल्डी लंबे समय से ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में ही घूमता-फिरता था और रात में फुटपाथ पर ही सो जाता था। उसके साथ अक्सर उसका एक अन्य साथी बंटी भी रहता और सोता था। हालांकि घटना के बाद से ही बंटी अपने ठिकाने से गायब और फरार है। पुलिस को आशंका है कि रात में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा, जिसके बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया। भंवरकुआं थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। घटना की तह तक पहुंचने और हत्या की मुख्य वजह तलाशने के लिए पुलिस की एक विशेष टीम बनाई गई है।
