इंदौर। लसूडिया थाना क्षेत्र में एबी रोड स्थित एक ढाबे के बाहर खाना पैक कराने रुके युवक पर आरोपियों द्वारा पुरानी रंजिश को लेकर विवाद करने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक को गालियां देते हुए थप्पड़ मारे और जब बीच-बचाव करने पीडि़त की महिला मित्र व रेपिडो ड्राइवर पहुंचे, तो बदमाशों ने उनके साथ भी हाथापाई कर दी। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, घटना एबी रोड स्थित जम्मू-कश्मीर ढाबे के सामने घटित हुई। सिंगापुर टाउनशिप निवासी फरियादी दिलप्रीत पिता साहेब सिंह हुंदल ने पुलिस को बताया कि वह ढाबे के पास खाना पैक कराने के लिए रुका था। तभी वहां पास की कॉलोनी में रहने वाले आरोपी राजा भंडारी उर्फ सागर, उसका साथी निखिल और उनके कुछ अन्य दोस्त वहां आ पहुंचे। आरोपियों ने पीडि़त को देखते ही पुरानी बात को लेकर तंज कसते हुए कहा कि तेरे भाई सार्थक और सतीश को बुला ले, जो बनता है कर ले। जब फरियादी दिलप्रीत ने इस तरह उल्टी-सीधी बातें करने से मना किया, तो आरोपी राजा भंडारी उर्फ सागर तैश में आ गया और उसे सरेराह गालियां देने लगा। विरोध करने पर आरोपी के साथियों ने फरियादी के साथ हाथ-थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी। यह मंजर देखकर फरियादी के साथ मौजूद उसकी सहेली और उन्हें लेकर आया रेपिडो ड्राइवर नितेश तुरंत बीच-बचाव करने आगे आए। हालांकि, बेखौफ बदमाशों ने बीच-बचाव करने आए रेपिडो ड्राइवर नितेश को भी नहीं बख्शा और उसके साथ भी जमकर हाथापाई व मारपीट की। विवाद बढ़ता देख आसपास के लोगों को इक_ा होते देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
