इंदौर। किशनगंज थाना क्षेत्र में एबी रोड स्थित सोनवाय टोल प्लाजा के पास वाहन ओवरटेक करने की मामूली बात को लेकर एक पिकअप चालक ने ट्रक ड्राइवर के साथ सरेराह गुंडागर्दी करते हुए जमकर मारपीट कर दी। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसे बरसाए, जिससे ट्रक चालक को सिर, हाथ, पीठ और पेट में गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद आरोपी चालक जान से मारने की धमकी देता हुआ मौके से भाग निकला। पीडि़त ड्राइवर की शिकायत पर किशनगंज थाना पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, बुलंदशहर उत्तर प्रदेश के करयरी निवासी फरियादी शानु पिता शमसाद खान ने शिकायत दर्ज करवाई है। फरियादी पेशे से ट्रक ड्राइवर है। उसने पुलिस को बताया कि वह अपने ट्रक क्रमांक यूपी-13सीटी-8517 में माल भरकर मुम्बई से पंजाब की ओर जा रहा था। जैसे ही उसका ट्रक एबी रोड पर सोनवाय टोल के पास पहुंचा, तभी एक पिकअप एमपी-10 जी-3729 का चालक ओवरटेक करने की बात को लेकर अचानक आक्रोशित हो गया और ट्रक के सामने गाड़ी रोककर गालियां देने लगा। जब पीडि़त शानु ने बेवजह गालियां देने से मना किया, तो आपा खो चुके पिकअप चालक ने ट्रक से नीचे खींचकर फरियादी पर हमला कर दिया। आरोपी ने लात-घूंसे से चालक की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसके सिर, हाथ, पीठ और पेट में अंदरूनी व बाहरी चोटें आईं और वह दर्द से कराहने लगा। सडक़ पर हो रहे इस हंगामे और मारपीट को आसपास के राहगिरों व स्थानीय लोगों ने भी देखा। लोगों को इक_ा होते देख आरोपी पिकअप चालक वाहन लेकर भागने लगा और जाते-जाते धमकी दी कि आज तो तू बच गया, अगली बार ओवरटेक किया तो तुझे जान से खत्म कर दूंगा। घटना के तुरंत बाद पीडि़त ड्राइवर ने अपने मोबाइल फोन से गाड़ी के मालिक यशवीर सिंह को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद वह सीधे किशनगंज थाने पहुंचा और पुलिस को आपबीती सुनाई।
