इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र में एम.आर.१० ब्रिज स्थित वाइन शॉप पर तीन बदमाशों द्वारा एक युवक से मारपीट कर बीयर पिलवाने और फिर हथियारों के दम पर पर्स व मोबाइल लूटने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बदमाशों ने मोबाइल का पासवर्ड और यूपीआई पिन पूछकर फरियादी के बैंक खाते व क्रेडिट कार्ड से करीब ५५ हजार रुपये भी ट्रांसफर करवा लिए। फरियादी की शिकायत पर बाणगंगा पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, सेक्टर सी, स्कीम नंबर १३६ निवासी फरियादी दुर्गेश पिता राधाकिशन गौर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह एम.आर.१० ब्रिज के पास वाइन शॉप पर गया था। तभी तीन अज्ञात युवक आए और डराधमकाकर मारपीट करते हुए उससे बीयर खरीदवाई। इसके बाद आरोपी उसे बाहर ले आए और उसका सैमसंग मोबाइल, एचडीएफसी क्रेडिट कार्ड तथा पर्स छीन लिया। पर्स में २००० नकदी, आधार कार्ड और पैन कार्ड की प्रतियां रखी थीं। आरोपियों ने मारपीट कर दुर्गेश को मोबाइल का पासवर्ड और ळज्घ् पिन बताने के लिए मजबूर किया। इसके बाद शातिर बदमाशों ने उसके क्रेडिट कार्ड से ५१,५०० और पीएनबी बैंक खाते से ४,२८६ का आॅनलाइन भुगतान कर लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश हीरो स्प्लेंडर मोटर साइकिल क्रमांक एमपी ०९ बीएन ७१२९ से फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार आरोपी आपस में एकदूसरे को ‘चूचू’, ‘किट्टू’ और ‘कालू’ नाम से बुला रहे थे। बाणगंगा पुलिस ने गाड़ी नंबर और नामों के आधार पर आरोपियों की घेराबंदी शुरू कर दी है।
